बनिहाल : जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला बनिहाल में राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही कांग्रेस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए। इस दौरान, उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का मकसद राहुल गांधी की ‘छवि’ सुधारना नहीं, बल्कि देश के मौजूदा हालात को बदलना है।

हालांकि, उमर ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद-370 को निष्प्रभावी बनाए जाने के संबंध में कांग्रेस के रुख पर प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह इसमें नहीं पड़ना चाहते। उमर ने कहा कि हम किसी एक व्यक्ति की छवि के लिए नहीं, बल्कि देश की छवि के लिए इसमें हिस्सा ले रहे हैं।

नेकां नेता ने दावा किया कि राहुल गांधी ने निजी उद्देश्यों के चलते यह यात्रा शुरू नहीं की, बल्कि उन्होंने देश में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने और अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने की कथित कोशिशों पर अपनी चिंताओं के मद्देनजर यह कदम उठाया। श्रीनगर से 120 किलोमीटर की दूरी पर स्थित बनिहाल पहुंचने के बाद संवाददाताओं से मुखातिब उमर ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का मकसद राहुल गांधी की छवि सुधारना नहीं।