भोपाल : कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाने और केंद्र पर झूठ फैलाने का आरोप लगाने के एक दिन बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को दावा किया कि ‘कांग्रेस का डीएनए ही पाकिस्तान परस्ती’ का है। चौहान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सशस्त्र बलों का मनोबल गिराने का ‘पाप’ कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में सोमवार को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि सरकार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मियों को श्रीनगर से दिल्ली हवाई मार्ग से लाने के उसके (सीआरपीएफ के) अनुरोध पर सहमत नहीं हुई और पुलवामा में वर्ष 2019 में एक आतंकी हमले में 40 सुरक्षाकर्मियों को अपना बलिदान देना पड़ा।
सिंह की टिप्पणियों से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, लेकिन कांग्रेस ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि ये उनके अपने निजी विचार हैं और पार्टी के रुख को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं। चौहान ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस का डीएनए ही पाकिस्तान परस्ती का है। कभी सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगते हैं। कभी राम सेतु के सबूत मांगते हैं, तो कभी इस बात का सबूत मांगते हैं कि राम मंदिर और भगवान राम का अस्तित्व था या नहीं।
चौहान ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ यात्रा में चलते हुए सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा। भाजपा नेता ने कहा कि दिग्विजय सिंह फिर सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांग रहे हैं, लेकिन वे ऐसा करके सेना का मनोबल गिराने का पाप वो कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह पाकिस्तान के साथ खड़े हैं और वह यही दिखा रहे हैं। दिग्विजय सिंह की टिप्पणी पर राहुल गांधी से जवाब मांगते हुए चौहान ने कहा कि मैं तो श्री राहुल गांधी से यह जवाब मांगता हूं कि ये कैसी भारत जोड़ो यात्रा है। टुकड़े-टुकड़े गैंग आपके साथ चल रहा है। सेना का मनोबल गिराया जा रहा है और राहुल गांधी भी सवाल उठा रहे हैं कि ‘सेना कमजोर’ होगी। ये देशभक्ति नहीं है।