दिसपुर : कामरूप (ग्रामीण) जिले के रंगिया शहर के समीप एक जर्जर पुल की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि भूटान बस अड्डे और साप्ताहिक बाजार के पास स्थित काफी पुराने जर्जर पुल की वजह से लोगों को काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग की लापरवाही की वजह से आज तक लकड़ी के पुल के स्थान पर पक्के पुल का निर्माण नहीं हो सका।

जिसकी वजह से इस मार्ग से गुजरने वाले मरीज, स्कूल के बच्चों के अलावा आम राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर पुल से गिरकर एक बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुल के एक छोर पर रंगिया तो दूसरे छोर पर कमलपुर विधानसभा क्षेत्र है। पुल के पास साप्ताहिक बाजार है। प्रत्येक सप्ताह हजारों की संख्या में लोग यहां बाजार करने पहुंचते हैं। समय रहते अगर पुल की मरम्मत या पक्के पुल का निर्माण नहीं किया गया तो आने वाले समय में यहां बड़ी दुर्घटना हो सकती है।