मालीगांवः माल ढुलाई के परिवहन में सुधार के निरंतर प्रयास के तहत पूर्वोत्तर सीमा रेल आवक और जावक माल परिवहन की हैंडलिंग के लिए नए स्टेशनों को खोल रहा है। दिसंबर, 2022 के दौरान माल ढुलाई के लिए कुछ और रेलवे स्टेशन खोले गए हैं, जिससे ग्राहकों द्वारा विभिन्न सामानों का परिवहन आसान हो गया है। इससे ट्रांसपोर्टरों को काफी लाभ होने की उम्मीद है। ग्राहक इंटरफेस को बेहतर बनाने एवं माल ढुलाई में और अधिक वृद्धि के लिए, रंगिया मंडल के अधीन जोगीघोपा और मेघालय में मेंदीपथार स्टेशन को 05 दिसंबर, 2022 से आवक कोयला परिवहन की हैंडलिंग के लिए खोला गया।

रंगिया मंडल के अधीन आजरा स्टेशन को 06 दिसंबर, 2022 से रोल ऑन-रोल ऑफ की हैंडलिंग के लिए खोला गया। यह नई सुविधा मानसून मौसम के दौरान मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा जैसे विभिन्न पूर्वोत्तर राज्यों में आवश्यक वस्तुओं के परिवहन में मदद करेगी। आवश्यक वस्तुओं से लदे ट्रकों को रेलवे रेक के माध्यम से विभिन्न राज्यों में अनलोडिंग के लिए ले जाया जा सकता है, जहां सड़क मार्ग से परिवहन में कठिनाई होती है। परिणामस्वरूप आमजन लाभान्वित होंगे।

इसके अलावा, 27 दिसंबर, 2022 से आवक कोयला परिवहन की हैंडलिंग के लिए रंगिया मंडल के अधीन न्यू बंगाईगांव स्टेशन को भी खोला गया। पूसी रेल ने नवंबर, 2022 में 1230 मालवाही ट्रेनों की तुलना में दिसंबर, 2022 में 1332 मालवाही ट्रेनों को अनलोड किया है। इसके अतिरिक्त, अप्रैल से दिसंबर, 2022 के दौरान मालगाड़ियों के 10879 रेक की ढुलाई पिछले वर्ष की समान अवधि में 9941 रेक की तुलना में 9.43 प्रतिशत का वृद्धि प्रदर्शित करता है।उपरोक्त जानकारी पूसी रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाची डे की ओर से यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी गई है।