गुवाहाटीः प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष भवेश कलिता ने केंद्र सरकार के गृहविभाग का आभार प्रकट करते हुए कहा कि आगामी 26 जनवरी को असम के विरासत को झांकी में शामिल करने का फैसला स्वागत योग्य है। असम को एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार का मौका मिलेगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कलिता ने पूर्वांचल प्रहरी के साथ बातचीत के दौरान कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के पुनर्निमित कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान इस बार असम की रंगारंग झांकियां दर्शकों का मन मोहेंगी।
उन्होंने कहा कि अधिकांश झांकियों का विषय नारी शक्ति है। भारत की जीवंत सांस्कृतिक विरासत, आर्थिक और सामाजिक प्रगति को दर्शानेवाली कुल 23 झांकियां 26 जनवरी को औपचारिक परेड का हिस्सा होंगी। उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली में लाचित दिवस के जरिए पूरा देश असम के वीरों के बारे में जाना है। इस बार गणतंत्र दिवस पर असम की झांकी में लाचित बरफूकन और गुवाहाटी के नीलाचल पहाड़ स्थित प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर सहित इसके सांस्कृतिक स्थलों को गर्व से दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि असम के बारे में जितना प्रचार-प्रसार भाजपा के कार्यकाल में किया जा रहा है, इससे पहले नहीं किया गया था।