नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और जाने-माने लेखक तरुण विजय का कहना है कि मोदी सरकार ने आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के प्रति सम्मान प्रदान करते हुए कुछ ऐसे कार्य किए हैं,जो नेताजी की यादों को सदैव अजर और अमर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने उपरोक्त आशय की बातें आज नेताजी की जयंती के मौके पर जारी एक बयान में कही। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अंडमान निकोबार द्वीप में एक प्रमुख द्वीप हैवलॉक को सुभाष बोस का नाम दिया है। दूसरी ओर पहले से गृह मंत्रालय में बंद एवं सबकीन जरों से दूर रखे गए नेताजी पेपर्स-दस्तावेजों को सर्वसाधारण के लिए वेबसाइट (http://www.netajipapers.gov.in)पर उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि आजाद हिंद फौज की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने पर पहली बार भारत के किसी प्रधानमंत्री ने लाल किले पर 21 अक्टूबर 2018 को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को फहराकर आजाद हिन्द फौज के संघर्ष को सरकार की ओर से प्रणाम किया। साथ ही उसी वर्ष 30 दिसंबर को नेताजी की ओर से पोर्टब्लेयर में तिरंगा लहराने की 75वीं वर्षगांठ पर पीएम ने पोर्ट ब्लेयर के मरीना पार्क में नेताजी जी की प्रतिमा पर फूल-माले चढ़ाए और हैवलॉक के नील और रॉस द्वीपों को क्रमशः स्वराज, शहीद और नेताजी सुभाष बोस नाम दिए।
पूर्व सांसद ने बताया कि इसी अवसर पर 75 रुपए का नेताजी सिक्का, डाक टिकट और प्रथम दिवस आवरण भी जारी किया गया। यही नहीं नेताजी की 125 वीं जयंती के प्रारंभ पर 23 जनवरी 2021 को विशेष डाक टिकट तथा विशेष सिक्का जारी करते हुए उनकी जयंती को अति भव्य रूप से मनाने के लिए 85 सदस्यीय विशेष राष्ट्रीय समिति का गठन किया।