गाजीपुर (उप्र) : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि दुनिया में ‘पाकिस्तान अलग-थलग’ हो चुका है, क्योंकि दुनिया को समझ आ गया है कि ‘आतंकवाद की जननी’ कहां है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने मंगलवार को सर्वसम्मति से नड्डा के कार्यकाल को जून 2024 तक बढ़ाने को मंजूरी दे दी थी। नड्डा ने शुक्रवार को भूतपूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पाकिस्तान अलग-थलग हो चुका है, क्योंकि दुनिया को समझ आ गया है कि आतंकवाद की जननी कहां है।
साथ ही दुनिया ये भी समझ चुकी है कि भारत ने किस तरह से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ी है।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए नड्डा ने कहा कि कौन प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने सीमा पर जवानों के साथ दिवाली मनाई? ये संदेश है कि सीमा पर देश के जवान अकेले नहीं हैं, देश का प्रधानमंत्री और 130 करोड़ जनता आपके साथ खड़ी है। नड्डा ने यह भी कहा कि मोदी सरकार के तहत जो सबसे बड़ा बदलाव हुआ है, वह यह है कि हमारी विदेश नीति आज हमारे रक्षा बलों का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया को बता दिया है कि न तो भारत किसी भी तरह के आतंकवाद का समर्थन करता है और न ही इसे बर्दाश्त करेगा। उन्होंने कहा कि आज फौज और सीमा की दृष्टि से बदलता भारत है। आज वह भारत नहीं है जो आपने पहले देखा होगा और आज देश की सीमा वह नहीं है जो पहले थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने देश की सुरक्षा के लिए कड़े फैसले लिए हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मैं इस बात से गौरवान्वित होता हूं कि भारत की फौज दुनिया की सबसे ताकतवर फौज मानी जाती है। भारतीय जवानों ने किसी भी प्रकार के संकट में हमारी तथा सीमा की सुरक्षा की है।’ नड्डा ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी जी से पहले की सरकार में कोई खरीद नहीं हुई। हमारे फौजी भाई मुसीबत में पड़े रहे लेकिन कोई चिंता नहीं की गई। पनडुब्बी, हेलीकॉप्टर, लड़ाकू विमान और बुलेटप्रूफ जैकेट खरीद में घोटाला किया गया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आने के बाद फौज को लैस किया गया।