पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) में सेंधमारी की है। वीआईपी के प्रदेश महासचिव बाल मुकुंद चौहान और उनके सहयोगी मंगलवार को जेडीयू में शामिल हो गए। जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने उन्हें सदस्यता दिलाई। बाल मुकुंद चौहान सारण से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव को देखते हुए जेडीयू अपनी पार्टी को मजबूत करने में जुटी है।

इसके लिए बिहार समेत देशभर में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित मिलन समारोह में वीआईपी नेताओं को जेडीयू में शामिल किया गया। पटना स्थित जदयू कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की मौजूदगी में सारण लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद प्रत्याशी वीआईपी के प्रदेश महासचिव बाल मुकुंद चौहान अधिवक्ता ने अपने सहयोगियों के साथ पार्टी का दामन थामा।

इस दौरान बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह, विधान परिषद में मुख्य सचेतक संजय गांधी, प्रदेश मुख्यालय महासचिव मृत्युंजय कुमार सिंह और अरुण कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में जेडीयू नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। विकासशील इंसान पार्टी फिलहाल किसी गठबंधन में नहीं है।हाल ही में मुजफ्फरपुर की कुढ़नी विधासनभा सीट पर उपचुनाव में मुकेश सहनी की पार्टी ने भी चुनाव लड़ा था। वीआईपी प्रत्याशी नीलाभ कुमार को महज 10 हजार वोट मिले थे। वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, नीतीश सरकार में मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने 2015 में भाजपा का प्रचार भी किया था।