गुवाहाटी : असम के जातीय उत्सव भोगाली बिहू को लेकर राज्यवासियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। जीएनबी रोड स्थित आमबाड़ी इलाके में कई जगह भोगाली मेला लगा है, जिससे यह इलाका भोगाली मेलामय हो गया है। दिखलीपुखरी के पास प्राइड ईस्ट इंटरटेनमेंट प्रा. लि. की ओर से तथा असम प्रदेश कृृषक मोर्चा के सहयोग से भोगाली मेला 2023 का आयोजन किया गया है। दो दिवसीय इस मेले का विधिवत रूप से शुभारंभ आज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कृृषि मंत्री अतुल बोरा ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज असम के मुख्य शहर गुवाहाटी में असम के कई जिलों के स्टॉल लगे हैं, जिससे ऐसा लग रहा है मानो कंकरीट के शहर में गांव बस गया हो। इस तरह के आयोजन से असम के कृृषि पेशा से जुड़े युवाओं के साथ किसानों का मनोबल बढ़ेगा। उनके उत्पादित वस्तुओं को एक स्थान पर मंच मिलेगा, इससे साथ ही उनके उत्पाद को बाजार भी मिलेगा। उनको आर्थिक मजबूती मिलेगी। इस स्थान पर असम का जातीय खाद्य पीठा, लड्डू, गुड़, दही, क्रीम, सब्जी, आचार के साथ वस्त्र आदि के स्टॉल लगे हुए हैं। इस मौके पर प्राइड ईस्ट इंटरटेनमेंट प्रा. लि. की प्रमुख रिंकी भूइयां शर्मा के साथ अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। वहीं दूसरी ओर सिद्धि नाथ शर्मा प्रेक्षागृह में अभिनेत्री आइमी बरूवा ने बर असम बोहागी मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर वे ढेंकी से चावल कूट रही महिलाओं के पास पहुंची और ढेंकी चलाकर चावल कूटीं। साथ ही सभी महिलाओं का उत्साह वर्धन किया। इसके साथ ही एनसीपी खेल मैदान में चिर सेउज कला-कृृष्टि केंद्र की ओर से 15वां भोगाली का आयोजन किया गया है। यहां भी कई स्टांल लगे हुए हैं।
भोगाली बिहू मेले का कृृषि मंत्री अतुल बोरा ने किया शुभारंभ
