मालीगांव : समपार फाटकों को हटाना और ट्रेन परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के रेलवे मिशन की दिशा में एक कदम बढ़ाते हुए, पूसी रेल ने हाल ही में समपार फाटक के बदले एक नया रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) चालू किया है। लामडिंग मंडल के अंतर्गत लंका रेलवे स्टेशन से सटे समपार फाटक संख्या-एसटी 45 को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और 05 जनवरी, 2023 को जनता के लिए इसके स्थान पर एक नया आरओबी खोल दिया गया। इस आरओबी का निर्माण कार्य अप्रैल, 2019 को शुरू हुआ था और लगभग 3 साल और 6 महीने के बाद नवंबर, 2022 को यह कार्य संपन्न हुआ। आरओबी का निर्माण 35 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पूरा हुआ था। इस आरओबी का निर्माण समपार फाटक के बदले किया गया था, जिसमें ट्रेन व्हीकल यूनिट लगभग 5,45,895 थीं। यह आरओबी, लंका रेलवे स्टेशन के दोनों तरफ और उससे संलग्न क्षेत्र की जनता को निर्बाध और परेशानी मुक्त आवागमन प्रदान करेगा और ट्रेन की आवाजाही सुरक्षा को काफी हद तक बढ़ाएगा।
लंका में नया रोड ओवर ब्रिज चालू