गुवाहाटीः चांदमारी स्थित अभियांत्रिकी खेल मैदान में चल रहे असम पुस्तक मेले में आज रविवार को हिंदी लेखिका अंजना जैन की पहली पुस्तक मनमंथन का लोकार्पण असम सरकार के शिक्षा सलाहकार  व अध्यापक डॉ. ननी गोपाल महंत ने किया। इस पुस्तक के प्रकाशन को लेकर लेखिका द्वारा उठाए हुए कदमों की प्रशंसा करते हुए कहा डॉ. महंत ने कहा कि यह हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि अपने जीवन में  घटित घटनाओं को   प्रकाशित कर श्रीमती जैन ने एक महती कार्य के साथ अनोखी पहल की है। राष्ट्रभाषा हिंदी पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रभाषा हिंदी को लेकर दिल्ली के साथ अन्य राज्यों में कभी-कभार समस्याएं, असुविधाओं के साथ विवाद भी होता था, परंतु वर्तमान के मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा ने यह सिद्ध कर दिया है कि मन में किसी भी क्षेत्र में कुछ कर गुजरने में दृढ़ इच्छा शक्ति हो तो भाषा कभी बाधक नहीं बनती। मुख्यमंत्री राष्ट्रीय चैनल पर अंग्रेजी तथा हिंदी में प्रखर रूप से अपनी बात रख रहे हैं। दूसरे राज्यों में जाकर हिंदी में अपना भाषण रख रहे हैं। लेखिका ने पुस्तक के संबध में संक्षिप्त जानकारी दी।