बोधगया : तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाई लामा ने लोगों से जरूरतमंदों के लिए काम करने का आग्रह करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि अगर कोई व्यक्ति धर्म में विश्वास करता है तो उसे दूसरों के बारे में सोचना चाहिए। दलाई लामा ने बिहार के बोधगया में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनके मन में गुस्सा भड़काने वालों के खिलाफ कोई दुर्भावना नहीं है।  उन्होंने कहा कि यदि आप आस्तिक हैं तो आपको दूसरों के बारे में सोचने की जरूरत है। यदि आप केवल अपने बारे में सोचते हैं तो आपसे यह उम्मीद नहीं की जाती। हमेशा जरूरतमंद लोगों के लिए काम करें। दलाई लामा ने कहा कि हमने इंसान के रूप में जन्म लिया है और मैं जहां भी रहूंगा, मानवता के लिए काम करता रहूंगा। नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित दलाई लामा ने बोधगया के कालचक्र मैदान में कोरोना महामारी के कारण दो साल के अंतराल के बाद बृहस्पतिवार को फिर से अपने सार्वजनिक प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन किया। वह 22 दिसंबर को बोधगया आने के बाद से एक तिब्बती मठ में ठहरे हुए हैं। बृहस्पतिवार को दलाई लामा बैटरी चालित एक वाहन पर सवार होकर प्रार्थना सभा में हिस्सा लेने के लिए कालचक्र मैदान पहुंचे। उन्होंने तिब्बती रोटी और चाय का नाश्ता करके अपने प्रवचन की शुरुआत की और बेहतर दांत होने के मूल्य पर प्रकाश डाला। दलाई लामा ने प्रवचन के दौरान बोधिचित्त और बोधिसत्व के दोहरे आदर्शों पर जोर दिया, जिसका पालन करने वाले खुद के प्रबोधन की दिशा में कार्य करने के साथ ही दूसरों को पीड़ा से मुक्ति दिलाने में मदद करते हैं। निर्वासित तिब्बती आध्यात्मिक नेता अगले कुछ दिनों तक कालचक्र मैदान में प्रवचन देंगे और उसके बाद नए साल में लामा अपने धार्मिक गुरु की दीर्घायु के लिए प्रार्थना करेंगे। A