सासाराम : बिहार में नगर निकाय के दूसरे चरण के चुनाव में कई जगहों से बवाल की खबरें आई हैं। ताजा मामला सासाराम का है। यहां नगर निगम क्षेत्र के मोरसराय गांव में वार्ड पार्षद चुनाव को लेकर जातीय आधार पर दो पक्ष भिड़ गए। दोनों गुटों में गोलीबारी हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है। किसी के घायल होने की सूचना है। जानकारी के मुताबिक सासाराम नगर निगम क्षेत्र के मोरसराय गांव मे वार्ड पार्षद चुनाव को लेकर गुरुवार को बवाल हो गया। शिवसागर थानाध्यक्ष सहित भारी संख्या मे पुलिस पहुंची है। दोनो पक्षों मे किसी को गोली नहीं लगी है। झड़प वार्ड संख्या सात के अमित कुमार सिंह और धर्मेंद्र कुमार के समर्थकों के बीच हुई है। गोलीबारी के बाद पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। बुधवार को नालंदा में भी वोटिंग के दौरान एक पोलिंग के बूथ के पास फायरिंग की खबर आई थी। बोगस वोटिंग का आरोप लगने के बाद दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट और पथराव भी हुआ। वहीं, छपरा के मशरक में नगर पंचायत के कर्मचारी भवन पोलिंग बूथ पर हंगामा हुआ। यहां प्रत्याशी के साथ मारपीट की गई। बिहार के 17 नगर निगमों समेत 68 निकायों में बुधवार को दूसरे चरण में वोट डाले गए। शुक्रवार को इस चरण की मतगणना की जाएगी और उसी दिन नतीजे जारी होंगे। पहले चरण का मतदान 18 दिसंबर को हो चुका है और उसके नतीजे 20 दिसंबर को जारी हुए थे।