श्रीनगर : पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने बुधवार को कहा कि सरकार जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को नियंत्रित करने में पूरी तरह से विफल रही है और जम्मू क्षेत्र में फैल रहा आतंकवाद इसकी ‘सबसे बड़ी विफलता’ है। उन्होंने कहा कि जम्मू के सिधरा इलाके में सुबह हुई मुठभेड़ ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को खत्म करने संबंधी सरकार के दावों को झूठा साबित कर दिया। इस मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए हैं। महबूबा ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘सरकार का दावा है कि उसने जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को उखाड़ फेंका है। लेकिन जम्मू में आज भी आतंकवाद है जो उसकी सबसे बड़ी नाकामी है।’ उन्होंने कहा कि यह निराशाजनक है कि आतंकवाद अब जम्मू क्षेत्र में फैल गया है। उन्होंने कहा, ‘वे (सरकार) आतंकवाद को नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रहे हैं।’ पीडीपी प्रमुख ने यह भी दावा किया कि केंद्र शासित प्रदेश में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को रोकने के लिए सरकार कोविड या आतंकवाद जैसे बहाने बना सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों के मौलिक अधिकारों जैसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार पर (रोक लगाई जा रही है)। अगर कोई बात करता है तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है, चाहे वह पत्रकार हो या आम आदमी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) या अन्य एजेंसियों के माध्यम से राजनीतिज्ञों पर दबाव डाला जाता है और उन्हें अपनी भूमिका निभाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।’ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को लेकर महबूबा ने कहा कि यह जरूरी और ‘हमारा कर्तव्य’ है कि हम लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता को ‘बचाने’ के लिए किसी के साथ खड़े हों।
जम्मू क्षेत्र में आतंकवाद का प्रसार सरकार की सबसे बड़ी विफलता : महबूबा