जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित पार्टी के कई अन्य नेताओं ने बुधवार को कांग्रेस के 138वें स्थापना दिवस पर पार्टी जनों को शुभकामनाएं दीं। गहलोत ने इस दिन को सभी कांग्रेस जनों के लिए गर्व और गौरव का दिवस बताया। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस की स्थापना से जुड़ी एक पुरानी फोटो साझा करते हुए ट्वीट किया, कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर सभी कांग्रेस जन को हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे लिए आज का दिन बहुत ही गर्व और गौरव का दिवस है। उन्होंने लिखा, कांग्रेस पार्टी की स्थापना को लंबा सफर तय करते-करते 137 वर्ष हो गए, 137 साल के त्याग, बलिदान, कुर्बानी का शानदार इतिहास स्वर्णिम अक्षरों में लिखा गया है। वहीं, पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में संवाददाताओं से मुखातिब गहलोत ने मल्लिकार्जुन खरगे के कांग्रेस का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का जिक्र करते हुए कहा कि 50 साल में पहली बार दलित वर्ग का एक व्यक्ति हमारी पार्टी का अध्यक्ष बना है। पूरे देश में एक माहौल बना है। उन्हीं के सानिध्य में हम सब मिलकर आने वाले समय में, राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के समाप्त होने के बाद .. जो नए कार्यक्रम दिए गए हैं, उन्हें लेकर गली-गली, गांव-गांव जांएगे। जयपुर में आयोजित अधिवेशन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज के मुबारक मौके पर हम सब संकल्प लेंगे कि आने वाले वक्त में हर कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता जनता के बीच में जाए और उनके सुख-दुख का भागीदार बने।