लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत की अध्यक्षता में होने वाले जी20 सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए बुधवार को उच्चाधिकारियों को निर्देश दिया कि ‘अतिथि देवो भव’ की भारतीय भावना के अनुरूप आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार के हर आयोजन से जुड़ी सामग्री और प्रत्येक पत्राचार पर जी20 का लोगो प्रकाशित किया जाए। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में वर्ष 2023 में भारत की अध्यक्षता में होने वाले जी20 सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए उच्चाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।  उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व में भारत को विश्व की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के समूह जी20 की अध्यक्षता करने का गौरव प्राप्त हुआ है। यह वैश्विक आयोजन उत्तर प्रदेश के लिए अपार संभावनाएं लेकर आया है और इससे दुनिया को ‘ब्रांड यूपी’ से अवगत कराने का शानदार मौका मिलेगा। हमें इस वैश्विक आयोजन का अधिक से अधिक लाभ लेना चाहिए। योगी ने बताया कि जी20 समूह की भारत की एक साल की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश के वाराणसी, लखनऊ, आगरा और ग्रेटर नोएडा में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि इन जिलों में ‘अतिथि देवो भव’ की भारतीय भावना के अनुरूप आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी की जाए। यह आयोजन स्वच्छता, सुंदरता, सुरक्षा और सुव्यवस्था का मानक बने, इसके लिए एक टीम के रूप में सभी को प्रयास करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी चार शहरों में होने वाले आयोजनों में स्थानीय संस्कृति को थीम बनाया जाए। जैसे, राजधानी लखनऊ में अवध संस्कृति, आगरा में ब्रज संस्कृति और रंगोत्सव तथा वाराणसी में गंगा संस्कृति को थीम बनाकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आगमन पर पुष्प वर्षा के साथ अतिथियों का स्वागत किया जाए। आयोजनों को सफल बनाने के लिए स्थानीय सांस्कृतिक समूहों और स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाए। योगी ने विदेशी आगंतुकों की सुरक्षा के मानक अनुरूप इंतजाम करने के साथ ही चिकित्सकीय इमरजेंसी और यातायात आदि के संबंध में भी आवश्यक व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अतिथियों के भोजन में उत्तर प्रदेश की विविधतापूर्ण खान-पान संस्कृति का समावेश होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने जी20 से जुड़े आयोजनों की मेजबानी वाले शहरों को भव्य स्वरूप देने का निर्देश दिया।