श्रीनगर : कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि सरकार ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को रोकने के बहाने के रूप में कोविड का इस्तेमाल कर रही है, क्योंकि राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही इस पदयात्रा को हर बीतते दिन के साथ मिल रहा लोगों का समर्थन बढ़ रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यहां संवाददाताओं को बताया, हम भी इस देश के लोगों के स्वास्थ्य और कोविड की स्थिति के बारे में काफी चिंतित हैं। यह पूरा नाटक (कोविड प्रसार का) भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए रचा गया है। यात्रा के जम्मू-कश्मीर चरण की तैयारियों की समीक्षा के लिये यहां पहुंचे वेणुगोपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जनसभाओं में भाग ले रहे हैं और यहां तक कि चीन से भी उड़ान आ रही हैं। उन्होंने कहा कि चीन से उड़ानें आ रही हैं, कोई दिक्कत नहीं है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा सुझाया गया कोई राष्ट्रीय स्तर (कोविड) का प्रोटोकॉल नहीं है। प्रधानमंत्री जनसभाओं में शिरकत कर रहे हैं और तमाम सरकारी कार्यक्रम हर जगह हो रहे हैं... कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल राहुल गांधी को पत्र क्यों लिख रही है, जबकि अन्य कार्यक्रम बिना किसी हंगामे के चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में मेला चल रहा है, उससे कोई दिक्कत नहीं है।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ रोकने के लिए कोविड एक बहाना : वेणुगोपाल