गुवाहाटीः पूरे देश के साथ ही असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज आधुनिक भारत के दूरदर्शी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के उपलक्ष्य में सुशासन दिवस मनाया। प्रदेश भाजपा ने आज प्रदेश के 400 मंडल और 28,000 बूथों पर सुशासन दिवस और साल का आखिरी मन की बात कार्यक्रम भी मनाया। बशिष्ठ स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ.हिमंत विश्वशर्मा ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 98वीं जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि असम आंदोलन को बाजपेयी के नेतृत्ववाली भाजपा का समर्थन प्राप्त था। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि वाजपेयी जी असम आंदोलन को देश की संसद में पेश करने और विपक्षी सांसदों के दिलों में खास जगह दिलाने में सफल रहे। प्रधानमंत्री बनते ही उन्होंने पूर्वोत्तर के विकास के लिए अलग डोनर मंत्रालय बनाए थे। उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर में बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति जो शुरू हुई वह आज भी जारी है। उल्लेखनीय है कि इस मौके पर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भवेश कलिता, कैबिनेट मंत्री रंजीत कुमार दास, पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत दास, अशोक भट्टराय, कार्बी आंग्लांग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य तुलीराम रांगहांग, प्रेस विभाग के संयोजक दीवान ध्रुवज्योति मरल और बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की।