मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने बृहस्पतिवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यसूची के अनुसार दिल्ली के 7 लोककल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री के सरकारी निवास पर दोपहर 12 बजे पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की यह बैठक सिर्फ शिष्टाचार मूलक बैठक नहीं कही जा सकती। कारण कि मुख्यमंत्री डॉ.शर्मा पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के राजनीतिक भविष्य के साथ ही अल्फा (आई) प्रमुख परेश बरुवा से शांतिवार्ता के आयोजन  की भी कोशिश कर रहे हैं। प्रधानमंत्री से मिलने से पहले सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत दोभाल से भी उनके सरकारी निवास पर मुलाकात की। दोभाल से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने असम भवन के सभागार में भारत की खुफिया संस्था रिसर्स एंड एनालाइसिस विंगस (आरएडब्ल्यू) के प्रमुख सामंत कुमार गोयल के साथ एक बैठक की। शाम को छह बजे मुख्यमंत्री ने असम भवन में ही केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला के साथ एक और बैठक की। मालूम हो कि असम भवन में आयोजित उक्त बैठक में राज्य के मुख्य सचिव जिष्णु बरुवा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री  कार्यालय के सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार इन सारी बैठकों में अल्फा (आई) के साथ शांतिवार्ता के संदर्भ में चर्चा की गई,परंतु राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार,के प्रमुख, प्रधानमंत्री तथा केंद्रीय गृह सचिव के साथ हुई बैठकों में क्या निर्णय लिया गया उसकी जानकारी मुख्यमंत्री  संवाददाता सम्मेलन में  बताएंगे। बृहस्पतिवार को असम लौटने से पहले मुख्यमंत्री की ओर से संवाददाता सम्मेलन का आयोजन करने की संभावना है। इसके अलावा बुधवार को मुख्यमंत्री ने अपराह्न तीन बजे केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को उनके सरकारी निवास पर मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने निर्माण भवन में 4ः30 बजे स्वास्थ्यमंत्री हर्षवर्धन से तथा पांच बजे केंद्रीय नगर विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रात को मुख्यमंत्री भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष से भी एक बैठक में सम्मिलित हुए, परंतु यह बैठक पूरी तरह राजनीतिक विषय से जुड़ी होगी। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह मुख्यमंत्री की केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात करने की संभावना है।