ब्रह्मांड में अनेकों रहस्य छिपे हुए हैं। विज्ञान और गणित की आंखों से वैज्ञानिक हमेशा इन रहस्यों से पर्दा उठाने की कोशिश में लगे रहते हैं। हर साल अंतरिक्ष से जुड़ी नई घटनाएं सामने निकलकर आती हैं। साल 2022 में भी अतंरिक्ष से जुड़ी कई घटनाओं ने खूब सुर्खियां बटोरीं। साल 2022 में पहली बार नासा ने जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप की मदद से ब्रह्मांड की सबसे साफ तस्वीर को खींचा। यही नहीं इस साल डार्ट मिशन के जरिए नासा ने पहली बार किसी एस्टेरॉयड से अंतरिक्ष यान की टक्कर कराई और उसकी ट्रैजेक्टरी को बदल दिया। इसके साथ ही नासा ने ब्लैक होल की आवाज को भी जारी किया। साल 2022 में अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने इतिहास में पहली बार किसी प्लैनेटरी डिफेंस टेस्ट यानी डार्ट मिशन को पूरा करने में सफलता हासिल की। अब अगर भविष्य में धरती पर किसी तरह के एस्टेरॉयड का हमला होने की संभावना होती है, तो इस तकनीक से धरती को तबाही से बचाया जा सकता है। जेम्स वेब स्पेस टेलिस्कोप ने साल 2022 में ब्रह्मांड की नई तस्वीरें खीचीं। नासा ने इस तस्वीरों को जारी किया जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। जेम्स वेब टेलीस्कोप ने कई गैलेक्सियों के एक समूह की तस्वीर ली थी जिसमें ब्रह्मांड की काफी जानकारी, डीटेल है। इस तस्वीर में कई गैलेक्सी एकसाथ नजर आ रही हैं। इसमें पुरानी, दूर मौजूद और धुंधली गैलेक्सी भी शामिल हैं। इस तस्वीर में बिग बैंग के बाद बनने वाली गैलेक्सी दिख रही है। इसके बाद जेम्स वेब स्पेस टेलिस्कोप ने ब्रह्मांड की कई दिलचस्प तस्वीरें ली हैं। पहली बार नासा ने जारी की ब्लैक होल की आवाज : सालों से वैज्ञानिक ब्रह्मांड के रहस्य को जानने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए वह कई शोध कर रहे हैं। इस बीच अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने पहली ब्लैक होल की आवाज जारी की। 250 मिलियन प्रकाश वर्ष दूर स्थित ब्लैक होल के अंदर गैस और प्लाज्मा के माध्यम से बढ़ने वाली वास्तविक ध्वनि तरंगों की खोज की गई। आकाशगंगा में कई प्रकार की गैसें हैं जिनके घर्षण से आवाज आती है। नासा के वैज्ञानिकों ने ब्लैक होल के आसपास स्थित गैसों की मदद से इस आवाज को रिकॉर्ड किया। आसमान में दिखा था अद्भुत नजारा : साल 2022 में आसमान में अद्भुत नजारा देखने को मिला था। सौर मंडल के ग्रह एक लाइन में नजर आए थे। शनि, मंगल, शुक्र और बृहस्पति अप्रैल महीने में एक सीधी लाइन नजर आए थे। यह अद्भुत नजारा तब देखा जाता है जब सौर मंडल के ग्रहों की कक्षाएं धरती से दिखने वाले आसमान के क्षेत्र में आती हैं।
इस साल अंतरिक्ष में देखने को मिलीं ये अनोखी घटनाए