झालावाड़ : कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने महंगाई एवं बेरोजगारी को लेकर केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा और कहा कि वह दिन दूर नहीं, जब ‘मोदी-मोदी’ का नारा लगाने वाले ‘महंगाई-महंगाई’ चिल्लाएंगे। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए कन्हैया कुमार ने देवरीघाट में संवाददाताओं से बात की। यात्रा के दौरान छत पर खड़े कुछ युवाओं द्वारा ‘मोदी मोदी’ के नारे लगाए जाने संबंधी वीडियो के वायरल होने का जिक्र करते हुए कुमार ने कहा कि हम बिल्कुल चिंतित नहीं है। हम उनका स्वागत करते हैं क्योंकि हम जानते हैं कि वह दिन दूर नहीं है जब वे ‘मोदी मोदी’ नहीं, ‘महंगाई महंगाई’ चिल्लाएंगे।’ उन्होंने कहा कि हम कतई चिंतित नहीं है क्योंकि हमें पता है कि उनका ‘मोदी है तो मुमकिन है’ का नारा असली बात नहीं है। असली बात यह है कि ‘मोदी है तो महंगाई है’।’ कांग्रेस नेता ने कहा कि देश के असल सवाल रोजी रोटी और कपड़ा एवं मकान हैं और कांग्रेस इन सवालों के जवाब के लिए यात्रा निकाल रही है। उन्होंने कहा कि हमारा यह संकल्प है कि हर हाल में हम देश को जोड़कर रखेंगे और किसी भी स्थिति में देश को बंटने नहीं देंगे।’ कन्हैया कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब बच्चे इस यात्रा में आते हैं तो शिकायत की जाती है लेकिन जब गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री मोदी खुद बच्चों का ‘इस्तेमाल’ करते हैं।
मोदी-मोदी के नारे लगाने वाले एक दिन महंगाई-महंगाई चिल्लाएंगे : कन्हैया