कोहिमा : नगालैंड में बृहस्पतिवार को राज्य का 60वां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने विकास व शांति के मार्ग पर आगे बढ़ने और नगा राजनीतिक मुद्दे के समाधान की दिशा में काम करने का आह्वान किया। म्यामां की सीमा से लगा नगालैंड 1963 में एक अलग राज्य बना था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नगालैंड के लोगों को राज्य के 60वें स्थापना दिवस पर बधाई दी। मुर्मू ने ट्वीट किया कि नगालैंड के लोगों को 60वें स्थापना दिवस पर बधाई। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि नगालैंड के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। भारत नगालैंड की संस्कृति पर बहुत गर्व करता है, जिसमें साहस, कड़ी मेहनत और प्रकृति के साथ तालमेल बनाकर रहने पर जोर दिया जाता है।