जयपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आंखों में धूल झोंककर जनता के हितों को नुकसान पहुंचाती है। जयपुर के दशहरा मैदान में ‘जन आक्रोश यात्रा’ रैली को संबोधित करते हुए नड्डा ने राजस्थान में किसानों के कर्ज माफी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2018 में कहा था कि एक से 10 तक गिनती करूंगा और कर्जा माफ हो जायेगा, लेकिन अभी वो ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर है। नड्डा ने कहा कि जरा राहुल से पूछें कि वे गिनती भूल गये हैं या उन्हें याद है। नड्डा ने कहा कि हम आक्रोशित इसलिये हैं कि कांग्रेस पार्टी आंखों में धूल झोंकती है और हमारे (जनता) हितों को नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने कहा कि आज लगभग 9,000 किसान अपनी जमीनों को बेचने के लिये मजबूर हो गए है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार, पेट्रोल और डीजल की कीमत, बेरोजगारी, महिलाओं के साथ अत्याचार और दलितों के खिलाफ होने वाले अपराधों के लिहाज से राजस्थान शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि दो बार केन्द्र सरकार ने वेट और डीजल के दाम घटाए हैं और हमारी प्रदेश सरकारों ने भी घटाये हैं, लेकिन गुजरात में राजस्थान घड़याली आंसू बहाता है। गहलोत साहब वहां जाकर चर्चा करते हैं और यहां सबसे महंगा डीजल और पेट्रोल बेचते हैं। यह उनका रिकॉर्ड है।’ भाजपा अध्यक्ष ने लोगों से पूछा कि क्या ऐसे लोगों को गद्दी पर बैठे रहने देना है, क्या इनको मुंहतोड़ जवाब नहीं देना है। नड्डा ने कहा कि अगर आप चाहते हो कि आपकी बहनें सुरक्षित रहें, रोजगार के अवसर बनें, राजस्थान में पेट्रोल-डीजल और बिजली के दाम घटें, तो इस सरकार को गद्दी से हटाना ही होगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सांप्रदायिक तनाव भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कोरोना के बाद से, जब चीन लड़खड़ा रहा है, अमेरिका ठीक से खड़ा नहीं हो पा रहा है, यूरोप की हालत सही नहीं है। ऐसे हालातों में भी भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। नड्डा ने कहा कि अगर कोई नेता भामाशाह स्वास्थ्य योजना का नाम बदलकर चिरंजीवी योजना कर दे, तो इसको किताब बदलना नहीं बल्कि जिल्द बदलना कहते हैं। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा योजना को बदलकर इंदिरा रसोई, जब तक नहीं किया तब तक इनको चैन नहीं मिला। उन्होंने कहा कि राजस्थान की भूमि त्याग, तपस्या, शौर्य और बलिदान के लिए जानी जाती है और वह इस भूमि को नमन करते हैं।
कांग्रेस पार्टी आंखों में धूल झोंककर जनता के हितों को पहंचाती है नुकसान : नड्डा