मालीगांवः पूर्वोत्तर सीमा रेल ने कामाख्या-सियालदह-कामाख्या और न्यू जलपाईगुड़ी-सांतरागाछी-न्यू जलपाईगुड़ी स्पेशल ट्रेनों की सेवा को अन्य पांच ट्रिपों के लिए जारी रखने का निर्णय लिया है। ये विशेष ट्रेनें 02 से 31 दिसंबर, 2022 तक अपने मौजूदा समय, ठहराव और संयोजन के साथ अपनी सेवा जारी रखेंगी। यह अतिरिक्त सेवा यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने में मददगार होगी। 02 से 30 दिसंबर, 2022 तक सभी शुक्रवारों को ट्रेन संख्या 03173 (सियालदह-कामाख्या) एसी स्पेशल का परिचालन करने के लिए सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। यह ट्रेन सियालदह से 23.50 बजे रवाना होकर अगले दिन कामाख्या 17.45 बजे पहुंचती है। वापसी दिशा में, 03 से 31 दिसंबर, 2022 तक सभी शनिवार को ट्रेन संख्या 03174 (कामाख्या-सियालदह) एसी स्पेशल का परिचालन करने के लिए सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।  यह ट्रेन कामाख्या से 23.15 बजे रवाना होकर अगले दिन सियालदह 22:40 बजे पहुंचती है। इसके अलावा, 02 दिसंबर से 30 दिसंबर, 2022 तक सभी शुक्रवारों को ट्रेन संख्या 08047 (सांतरागाछी-न्यू जलपाईगुड़ी) स्पेशल का परिचालन करने के लिए सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। यह ट्रेन सांतरागाछी से 18.00 बजे रवाना होकर अगले दिन न्यू जलपाईगुड़ी 05.15 बजे पहुंचती है। वापसी दिशा में, 03 से 31 दिसंबर, 2022 तक सभी शनिवार को ट्रेन संख्या 08048 (न्यू जलपाईगुड़ी - सांतरागाछी) स्पेशल का परिचालन करने के लिए सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। ट्रेन न्यू जलपाईगुड़ी से 12.15 बजे रवाना होकर उसी दिन सांतरागाछी 23.45 बजे पहुंचती है। इन सेवाओं से कोलकाता जाने वाली अन्य ट्रेनों के प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों की मांगपूर्ति होगी क्योंकि वे कन्फर्म्ड टिकट के साथ आराम से अपनी यात्रा कर सकेंगे। इन ट्रेनों के ठहराव तथा समय-सूची का विवरण आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध है तथा विभिन्न समाचारपत्रों और पू. सी. रेल के  सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर भी अधिसूचित की गई है। यात्रियों से अपनी यात्रा शुरू करने से पहले इन विवरणों पर ध्यान देने का अनुरोध किया जाता है। अवसंरचनात्मक विकास कार्य के लिए ट्रेनें रद्द : पूर्व रेलवे में आसनसोल मंडल के अंडाल स्टेशन पर नॉन- इंटरलॉकिंग कार्य के लिए 29 नवंबर, 2022 को कामाख्या से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 15662 कामाख्या-रांची एक्सप्रेस और 30 नवंबर, 2022 को रांची से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 15661 रांची-कामाख्या एक्सप्रेस रद्द रहेगी। इस आशय की जानकारी पूसी रेलवे की ओर से आज जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।