दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेफ बेजोस दोबारा दुनिया के सबसे रईस शख्स बन गए हैं। फोर्ब्स के अनुसार, सोमवार को फ्रांस के कारोबारी बर्नार्ड अर्नाट उन्हें पछाड़कर दुनिया के सबसे अमीर सख्स बन गए थे। लेकिन आज फिर से बेजोस उनसे आगे निकल गए हैं। प्रतिष्ठित पत्रिका फोर्ब्स के मुताबिक बेजोस की संपत्ति 2.1 अरब डॉलर बढ़कर 188.2 अरब डॉलर हो गई है। वहीं बर्नार्ड अर्नाट की संपत्ति में दो अरब डॉलर का इजाफा हुआ और वे 187.6 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं। पिछले हफ्ते दोनों अरबपतियों की नेटवर्थ 186 अरब डॉलर हो गई थी। फ्रांस के कारोबारी बर्नार्ड अर्नाट के पास लुई वुइटन समेत 70 ब्रांड का साम्राज्य है। इनमें सेफोरा भी शामिल है। अर्नाट के पास क्रिश्चियन डायोर के भी फीसदी शेयर हैं। क्रिश्चियन डायोर की एलवीएमएच में करीब 41 फीसदी हिस्सेदारी है। सोमवार को अर्नाट की नेटवर्थ यानी कुल परिसंपत्ति 186.4 अरब डॉलर हो गई थी, जबकि अमेजन के मालिक जेफ बेजोस की संपत्ति 186 अरब डॉलर थी। इलेक्टि्रक कार कंपनी टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क 152.5 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। इसी साल मस्क भी बेजोस को पछाड़कर दुनिया से सबसे अमीर शख्स बने थे। लेकिन बाद में बेजोस ने उनसे भी यह तमगा हासिल कर लिया। फ्रांस के तीसरे सबसे बड़े शहर रोबैक्स में 1949 में जन्मे अर्नाट ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उनके पिता कंसंट्रक्शन कारोबारी थे।
दोबारा दुनिया के सबसे बड़े रईस शख्स बने जेफ बेजोस
