बरपेटा रोड : बरपेटा रोड के निवासी तथा समाजसेवी प्रो.राम अवतार माहेश्वरी (सारडा-74)का रविवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर सुनते ही शोक की लहर दौड़ गई। साथ ही उनके निवास पर लोगों का तांता लग गया। लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए कामना की। उल्लेखनीय है कि बरपेटा रोड के वरिष्ठ समाजसेवी तथा बी.एच कालेज के अवकाशप्राप्त प्रोफेसर राम अवतार माहेश्वरी का आज रात तकरीबन 8.39 बजे ह्रदय की गति रूक जाने के कारण निधन हो गया। स्वर्गीय माहेश्वरी अपने पीछे दो पुत्र, दो बहू ,बेटी-दामाद और नाती-पोता सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बताते चलें कि प्रो.राम अवतार माहेश्वरी बीएच कॉलेज में वाणिज्य विभाग के संस्थापक प्रोफेसर, द्रोणाचार्य अकादमी के ट्रस्टी, बरपेटा रोड श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी के निवर्तमान अध्यक्ष, बृहतर बरपेटा रोड व्यवसायी संस्था के सलाहकार,शंकर देव शिशु निकेतन के अध्यक्ष सहित वे जीएलपी से भी जुड़े हुए थे। उन्होंने असम साहित्य सभा के बरपेटा रोड अधिवेशन में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी। वे पूर्वोत्तर माहेश्वरी सभा के कार्यसमिति के सदस्य, अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के कार्यकारी मंडल के सदस्य होने के साथ ही इस क्षेत्र के प्रायः सभी संस्थाओं से जुड़े हुए थे। उन्होंने इन तमाम संस्थाओं के जरिए सामाजिक तथा शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। कल सोमवार को उनके निवास स्थान से मारवाड़ी श्मशान घाट तक उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी।
नहीं रहे बरपेटा रोड के समाजसेवी प्रो. राम अवतार माहेश्वरी