डिब्रूगढ़ः डिब्रूगढ़ के बागचीपाड़ा स्थित अखिल भारतीय बनवासी कल्याण आश्रम में बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अखिल भारतीय बनवासी कल्याण आश्रम की महिला शाखा, डिब्रूगढ़ की जिला अध्यक्ष ऋतु लोहिया द्वारा भारतमाता एवं देश भक्तों की तस्वीर के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। तदुपरांत अपने वक्तव्य में उन्होंने महान देशभक्त बिरसा मुंडा के जन्मोत्सव की सभी को शुभकामनाएं दीं तथा कल्याण आश्रम की छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभा में उपस्थित सभी गणमान्य लोगों से साथ व सहयोग की अपील की। इस अवसर पर आश्रम के उत्तर पूर्व क्षेत्रीय छात्रावास प्रमुख तिलेश्वरी डेका ने उद्देश्य व्याख्या की एवं देशभक्त बिरसा मुंडा की गौरवमयी जीवनी पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। आश्रम की छात्राओं ने अपने मधुर स्वर में देशभक्तों को अपने गीतों से श्रद्धांजलि दी। साथ ही छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मणिपुरी नृत्य ने सभी का दिल लुभाया। बनवासी कल्याण आश्रम के वरिष्ठ सदस्य राधेश्याम ढ़ढ ने अपने वक्तव्य में सेवा के क्षेत्र मे विविध महत्वपूर्ण जानकारी दी, जिससे सभा में उपस्थित सभी काफी लाभान्वित हुए।