गुवाहाटीः केंद्रीय सड़क, परिवहन और राजमार्ग, जहाजरानी, जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री वीके सिंह ने बुधवार को नीलाचल पहाड़ स्थित कामाख्या धाम में पहुंचकर मां कामाख्या की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि मां के दरबार में आया और देश की खुशहाली एवं उन्नति के लिए प्रार्थना की। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि मां कामाख्या के दरबार में आने से आलौकिक शक्ति का एहसास होता है जो देश की जनता के लिए काम करने में काम आता है। उल्लेखनीय है कि उनके साथ केंद्रीय मंत्री वीके सिंह और असम सरकार के मंत्री जयंत मल्ल बरूवा ने भी माता की पूजा की। कामाख्या देवालय के मुख्य दलै कविंद्र शर्मा ने पूर्वांचल प्रहरी को बताया कि दोनों केंद्रीय मंत्री 2.30 बजे यहां आए और पूजा करने के बाद मंदिर के प्रबंधन के बारे में जानकारी ली। साथ ही यहां देश-विदेशों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रबंधन की ओर से दी जा रही सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। उल्लेखनीय है कि दोनों मंत्री ने कुछ समय तक मंदिर की परिक्रमा कर नीलाचल पहाड़ की भव्यता को निहारते नजर आए।
केंद्रीय मंत्री गडकरी व वीके सिंह ने किए मां कामाख्या के दर्शन
