चंडीगढ़ : हरियाणा के पंचायत चुनाव के देर रात आए परिणाम में कई रोचक नतीजे दिखे। कहीं सरपंच उम्मीदवार 1 या 2 वोट से जीता तो कहीं वोट बराबर होने पर टास से फैसला करना पड़ा। कई जगह तो नतीजे के लिए 2-3 बार मतगणना करनी पड़ गई। जिसके चक्कर में पहले हारा उम्मीदवार बाद में जीत गया तो पहले कहीं जीता उम्मीदवार हार गया। पानीपत के गांव खलीला माजरा में सरपंच का फैसला टास से हुआ। असल में यहां 2 उम्मीदवारों रकम सिंह और अमित को 302-302 वोट मिले। वोट बराबर होने पर प्रशासन ने फैसला लिया कि टास से हार-जीत का फैसला होगा। इसमें टास करने के बाद अमित सरपंच का चुनाव जीत गए। अलेवा खंड के गांव खांडा में सरपंच पद को लेकर बड़ा ही रोचक मुकाबला हुआ। यहां प्रवीण देवी और ईजा देवी के बीच कांटे की टक्कर रही। मतगणना के दौरान दोनों प्रत्याशियों को ही 685-685 वोट मिले। मुकाबला दोनों में बराबरी पर रहा। ऐसे में जिला प्रशासन ने टास कर हार जीत करने का फैसला लिया। टास तीन बार किए गए। जिसमें एक टास प्रवीण देवी ने जीता जबकि दो बार टास ईजा देवी ने जीते। प्रशासन ने ईजा देवी को सरपंच घोषित कर दिया। जिला कैथल के कई गांवों की सरपंची के लिए मुकाबला कांटे का रहा। उमेदपुर से बलविंदर सिंह गरेटा केवल 2 वोट से जीत कर सरपंच बने हैं। वे पहले भी गांव के सरपंच रहे हैं। वहीं बालू बिढ़ान पट्टी से साहिल 16 से मत से विजयी रहे। इन दोनों के अलावा भी कई अन्य गांवों में भी इसी प्रकार से कड़े मुकाबले हुए हैं। गांव बुड्ढाखेड़ा में तीन बार काउंटिंग हुई। पहली काउंटिंग में रेखा विजयी रहीं। दूसरी बार काउंटिंग में कविता को जीता हुआ दिखाया गया। इसके बाद तनाव हो गया। जब तीसरी बार काउंटिंग हुई तो कविता को 21 मतों से प्रशासन ने विजयी घोषित किया।
हरियाणा पंचायत चुनाव के चौंकाने वाले नतीजे कहीं 1-2 वोट से जीत, कहीं 3 बार काउंटिंग