सेन फ्रांसिस्को: ट्विटर अपने प्लेटफॉर्म पर पूरी वैरिफिकेशन प्रोसेस को नया रूप देने पर काम कर रहा है। एक ट्विटर यूजर के सवाल के जवाब में एलन मस्क ने वैरिफिकेशन प्रोसेस को नया रूप देने की जानकारी दी। हालांकि मस्क ने यह नहीं बताया है कि वो किस तरह के बदलावों पर काम कर रहे हैं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि वह वैरिफिकेशन प्रोसेस के लिए फीस वसूल सकते हैं। द वर्ज की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी ट्विटर ब्लू सब्सक्रिप्शन चार्ज भी बढ़ाने का प्लान बना रहे हैं। इसे 19.99 डॉलर (लगभग 1,650 रुपए) किया जा सकता है। अभी इसका मंथली चार्ज 4.99 डॉलर है। रिपोर्ट यह भी बताती है कि मस्क ने इन बदलावों के लिए एम्प्लॉइज को 7 नवंबर की डेडलाइन दी है। अगर कर्मचारी इसका पालन नहीं करते हैं तो उन्हें पैक अप एंड लीव करना होगा। बीते दिनों कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि मस्क कंपनी के 75 फीसदी कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की योजना बना रहें हैं। मस्क ने ट्विटर की कमान संभालने ही पूर्व ट्विटर सीईओ पराग अग्रवाल को निकाल दिया। हालांकि, उन्होंने इस फैसले को सार्वजनिक नहीं किया है।