मालीगांव : पूसी रेल अपने सभी मंडलों, वर्कशॉपों और निर्माण क्षेत्र यूनिट में 31 अक्तूबर से 6 नवंबर, 2022 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाने जा रहा है। 2022 के इस जागरूकता सप्ताह का प्रमुख थीम है -एक विकसित राष्ट्र के लिए भ्रष्टाचार मुक्त भारत। सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान रेलवे कर्मचारियों और आम जनता के बीच जागरूकता फैलाने के लिए पूरे पूर्वोत्तर सीमा रेल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में 31 अक्टूबर, 2022 को पूर्वोत्तर सीमा रेल के मुख्यालय और मंडलों में सभी कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा शपथ दिलाना शामिल है ताकि गतिविधियों के सभी क्षेत्रों में ईमानदारी और पारदर्शिता लाई जा सके और इस प्रकार कामकाजी माहौल सहित जीवन के हर पहलू में भ्रष्टाचार का उन्मूलन किया जा सके। जागरूकता सप्ताह मनाने के एक हिस्से के रूप में प्रणालीगत सुधार के लिए पू. सी. रेल द्वारा मुख्यालय और मंडलों के सभी विभागीय अधिकारियों के साथ वेबिनार के माध्यम से विभिन्न संवादात्मक सत्र आयोजित किए जाएंगे। पूसी रेल (ओपन लाइन एंड कंस्ट्रक्शन ऑर्गनाइजेशन) के उच्च अधिकारियों की भागीदारी से विकसित राष्ट्र के लिए भ्रष्टाचार मुक्त भारत विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। रेलवे स्कूलों में स्कूली छात्रों के बीच निबंध लेखन, ड्राइंग और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 2 नवंबर को पांडु कॉलेज, गुवाहाटी में एक विकसित राष्ट्र के लिए भ्रष्टाचार मुक्त भारत विषय पर एक इंटर कॉलेज वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजित की जाएगी। भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों पर नागरिकों को संवेदनशील करना और जागरूकता फैलाने के लिए लिए रेल कर्मचारियों और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्यों द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाएगा।