गुवाहाटी : असम में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा एक नवंबर से आरंभ होगी। राज्य के धुबरी जिला के गोलकगंज निर्वाचन क्षेत्र से शुरू होने वाली यात्रा 835 किमी दूर सादिया में संपन्न होगी। असम प्रदेश कांग्रेस समिति (एपीसीसी) ने मंगलवार को इस भारत जोड़ो यात्रा के लिए कई गीत जारी किए। एपीसीसी मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष भूपेन बोरा ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि देश के अन्य हिस्सों की तरह असम में भी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आयोजित की जाएगी। कांग्रेस द्वारा कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर असम में एक नवंबर से शुरू होगी। मल्लिकार्जुन खड़गे के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बनने के बाद असम में भारत जोड़ो यात्रा ढाई महीने तक चलाने का कांग्रेस ने निर्णय लिया है। इस मौके पर यात्रा के मद्देनजर कई गीत भी जारी किए गए। एपीसीसी अध्यक्ष बोरा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एक नवंबर को धुबरी से शुरू होगी जो बिलासीपारा, बरपेटा, कमालपुर होते हुए गुवाहाटी पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह मोरीगांव एवं नगांव होते हुए सादिया में संपन्न होगा। ढाई महीने तक चलने वाली 835 किमी की पूरी पैदल यात्रा के दौरान वे खुद मौजूद रहेंगे। यात्रा के दौरान असम कांग्रेस प्रभारी जितेंद्र सिंह मौजूद रहेंगे। यात्रा के दौरान अरुणाचल के पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी बरपेटा में शामिल होंगे। भूपेन बोरा ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी उनके साथ रहेंगे। इस मैके पर बोरा के साथ विधायक जाकिर हुसैन सिकदर, नुरुल हुदा, नंदिता दास, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता द्विजेन शर्मा, रमेन बरठाकुर और विपुल गोगोई भी मौजूद थे।
असम में एक नवंबर से आरंभ होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा