गुवाहाटीः नगर की आध्यात्मिक व सामाजिक संस्था मानव मिलन ने अपने मासिक कार्यक्रम अन्न दान महादान के अंतर्गत आहार वितरण कार्यक्रम 7 नंबर गेट स्थित जैन भवन में किया। जिसमें 500 से भी अधिक लोगों के बीच आहार वितरण किया गया। यह कार्यक्रम किरण देवी कंकरिया ने अपने पुत्र के जन्मदिन के उपलक्ष में प्रायोजित किया। मानव मिलन के अध्यक्ष महेंद्र नाहर ने बताया कि नेपाल केसरी डॉ.मणिभद्र मुनि महाराज द्वारा स्थापित इस संस्था की शाखाएं पूरे राष्ट्र में फैली हुई है तथा विदेशों में भी इसकी शाखाएं काम कर रही है। गत महीने आगरा में इसका राष्ट्रीय अधिवेशन भी संपन्न हो चुका है। गुवाहाटी में भी डॉक्टर मणिभद्र मुनि महाराज ने अपने चतुर्मास प्रवास के दौरान 3 वर्ष पहले इस संस्था का गठन किया था। तब से यह संस्था आध्यात्मिक व समाज सेवा के कार्य करती आ रही है। जिसमें अन्न दान के अलावा शैक्षणिक छात्रवृत्ति एवं आपातकालीन अवस्था में चिकित्सा सहायता भी देने का प्रावधान है। आहार वितरण के अवसर पर मानव मिलन के सचिव अमित खजांची, कोषाध्यक्ष मनोज कंकारिया के अलावा सुरेश मालू, राजीव चौरड़िया, किरण देवी लुणावत, लोकेश चौरड़िया, सुभाष सुराणा, अजय सांखला,रितेश खटेड़, राहुल चमड़िया  संपत मिश्र व मुस्कान ने उपस्थित रहकर अपना सक्रिय सहयोग दिया।