इटानगरः देश के उड्डयन इतिहास में एक नया अध्याय लिखने वाले एक निजी एयरलाइन के एक विमान का मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश के नवनिर्मित डोनी पोलो हवाई अड्डे पर सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। चालू होने के बाद यह हवाई अड्डा देश के सबसे पूर्वी राज्य अरुणाचल प्रदेश में पहला होगा और इसे देश के विमानन मानचित्र पर लाएगा। लीलाबारी स्थित यह हवाई अड्डा राज्य की राजधानी के सबसे करीब और असम के उत्तरी लखीमपुर जिले से लगभग 80 कि.मी. दूर स्थित है। अधिकारियों ने कहा कि डोनी पोलो हवाई अड्डे का उद्घाटन इस महीने के अंत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि नए हवाई अड्डे का रनवे 2,300 मीटर है और यह बोइंग 747 की लैंडिंग और टेक ऑफ के लिए उपयुक्त है। परीक्षण लैंडिंग की खबर साझा करते हुए मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सोशल मीडिया में पोस्ट किया- ‘यह हमारे लिए एक मील का पत्थर है, क्योंकि हम अपने राज्य में यात्रा को आसान बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।