इंफालः मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अवैध अप्रवासियों को सबसे बड़ा खतरा बताते हुए कहा कि ऐसे अप्रवासियों की पहचान के लिए जल्द ही ‘घर-घर सर्वेक्षण’ किया जाएगा। पत्रकारों से बात करते हुए सीएम ने बांग्लादेश और म्यामां से अप्रवासियों की आमद पर चिंता जताई और कहा कि उन लोगों के खिलाफ आवश्यक कदम उठाए जाएंगे जो ऐसे अवैध अप्रवासियों को अपने घर या किराए पर रहने की अनुमति दे रहे हैं। बीरेन सिंह के अनुसार पिछले कुछ दिनों में इनर लाइन परमिट (आईएलपी) मानदंडों का उल्लंघन करने के आरोप में कुल 613 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि अवैध अप्रवासियों की पहचान करना एक बहुत बड़ी समस्या बन गई है, जिसका पता लगाने के लिए घर-घर सर्वेक्षण किया जाएगा। बीरेन सिंह ने आगे कहा कि जब तक इस तरह के कदम नहीं उठाए जाते, तब तक राज्य की स्वदेशी आबादी को बचाना मुश्किल होगा।