काजीरंगाः काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान भ्रमण के लिए ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था किए जाने के विरोध मे आज कोहरा जीप सफारी संस्था के सदस्य भड़क उठे तथा देसी-विदेशी पर्यटकों को लेकर काजीरंगा उद्यान के अंदर जाने में अपनी असमर्थता जाहिर कर दी। एक तरफ जहां सैकड़ो पर्यटक ऑनलाइन बुकिंग करवा कर कोहरा रेंज अंतर्गत काजीरंगा उद्यान में जाने को उत्सुक थे, वहीं दूसरी ओर कोहरा जीप सफारी संस्था के सदस्य उन्हें अपनी जिप्सी पर सवार करा कर काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में ले जाने को राजी नहीं हो रहे थे। संवाददाताओं द्वारा पूरे मामले की पड़ताल करने पर पता चला कि ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था के अंतर्गत कोहरा रेंज मे सिर्फ सुबह 250 और अपराह्न 250 जिप्सी ही पर्यटकों को जंगल सफारी करवा सकते हैं। वहीं बागोरी रेंज में सिर्फ सुबह 100 और अपराह्न 100 जिप्सी ही पर्यटकों को जंगल सफारी करवा सकते हैं। मगर फिर भी आज बागोरी जीप सफारी संस्था के सदस्यों ने वन विभाग के इस नियम पर अपना संयम रखते हुए किसी तरह का कोई भी विरोध नहीं जताया और प्रत्येक दिन की तरह पर्यटकों ने जीप सफारी कर जंगली जानवरों को देखा। बहरहाल कोहरा रेंज की घटना की सूचना मिलते ही उद्यान के डीएफओ रमेश कुमार गोगोई कोहरा पहुंच कर पूरी स्थिति का जायजा लिया तथा  पर्यटकों को वन विभाग की जिप्सी से बागोरी रेंज के अधीन सफारी करवाया।