इंफाल : मणिपुर सरकार ने सरकारी नौकरी या विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए एक परिवार में बच्चों की संख्या चार तक सीमित कर दी है। सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री एस. रंजन ने कहा कि मंत्रिपरिषद ने निर्णय लिया है कि चार से अधिक बच्चों वाले किसी व्यक्ति या परिवार को नौकरियों और विभिन्न सरकारी योजनाओं से बाहर रखा जाएगा। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की, जिसने इस संबंध में निर्णय लिया और राज्य जनसंख्या आयोग की स्थापना को स्वीकृति दी। रंजन ने कहा कि राज्य विधानसभा ने पहले मणिपुर में जनसंख्या आयोग की स्थापना के लिए एक निजी सदस्य प्रस्ताव को अपनाया था।