मालीगांव : पूर्वोत्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी में सुधार और समृद्धि को औऱ अधिक बढ़ावा देने के लिए पूर्वोत्तर सीमा रेल ने गुवाहाटी-लामडिंग-गुवाहाटी एक्सप्रेस की सेवाओं को एक छोर पर नगालैंड के शोखुवी तक और दूसरे छोर पर मेघालय के मेंदीपथार तक विस्तार किया है। इसके अलावा, आगियाठरी स्टेशन पर एक आधुनिक कार्गो सह कोचिंग टर्मिनल की भी आधारशिला रखी गई। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने आज वर्चुअली श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र, गुवाहाटी से इस ट्रेन के उद्घाटन सेवा को हरी झंडी दिखाई और प्रस्तावित टर्मिनल की आधारशिला रखी। इस शुभ अवसर पर असम के राज्यपाल प्रोफेसर जगदीश मुखी, मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा, केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, असम सरकार में वित्त और समाज कल्याण मंत्री अजंता नेउग, शिक्षा, मैदानीय जनजाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री रनोज पेगू और उद्योग एवं वाणिज्य तथा सार्वजनिक उद्यम एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री बिमल बोरा भी इस अवसर पर उपस्थित थे। इस मौके पर पूसी रेल के महाप्रबंधक अंशुल गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। इस अवसर पर वक्तव्य रखते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ करते हुए प्रसन्नता हो रही है और उन्होंने पूर्वोत्तर क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को और अधिक बढ़ावा देने में ईमानदार प्रयास के लिए केंद्रीय रेल, संचार और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव और उनकी पूरी टीम को धन्यवाद दिया। मेंदीपथार-गुवाहाटी पैसेंजर स्पेशल प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को एक नई ट्रेन संख्या 05607 के साथ मेंदीपथार से रवाना होगी और उसी दिन गुवाहाटी पहुंचेगी। यही ट्रेन उसी दिन गुवाहाटी से परिवर्तित ट्रेन संख्या 05605 के साथ रवाना होगी और उसी दिन शोखुवी पहुंचेगी। वापसी में, शोखुवी - गुवाहाटी पैसेंजर स्पेशल प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को एक नई ट्रेन संख्या 05606 के साथ शोखुवी से रवाना होगी और उसी दिन गुवाहाटी पहुंचेगी। यही ट्रेन गुवाहाटी से प्रत्येक बुधवार और सोमवार को परिवर्तित ट्रेन संख्या 05608 के साथ रवाना होगी और उसी दिन मेंदीपथार पहुंचेगी। मौजूदा ट्रेन संख्या 05601 (गुवाहाटी-लामडिंग) पैसेंजर स्पेशल गुवाहाटी से प्रत्येक शुक्रवार, शनिवार और रविवार को रवाना होगी और उसी दिन लामडिंग पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 05602 (लामडिंग - गुवाहाटी) पैसेंजर स्पेशल प्रत्येक शनिवार, रविवार और सोमवार को लामडिंग से रवाना होगी और उसी दिन गुवाहाटी पहुंचेगी। यह मेघालय और नगालैंड को जोडऩे वाली पहली सीधी यात्री ट्रेन सेवा है। यह दोनों राज्यों के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करने वाले क्षेत्र में अंतर्राज्यीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा प्रदान करेगी। मेंदीपथार मेघालय का एकमात्र रेलवे स्टेशन, जहां यात्री ट्रेन का परिचालन होता है। शोखुवी नगालैंड का दूसरा रेलवे स्टेशन है, जिसे 100 से अधिक वर्षों के अंतराल के बाद ट्रेन कनेक्टिविटी मिली है। उल्लेखनीय है कि नगालैंड को अरुणाचल से जोडऩे वाली पहली सीधी पैसेंजर ट्रेन 26 अगस्त, 2022 को पूसी रेल द्वारा शुरू की गई थी। गुवाहाटी-लामडिंग से शोखुवी तक की यह विस्तारित सेवा नगालैंड में शोखुवी को जोडऩी वाली दूसरी पैसेंजर ट्रेन होगी। प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के विजन के साथ, आगियाठरी स्टेशन पर एक आधुनिक कार्गो सह कोचिंग टर्मिनल की आधारशिला रखी गयी। इससे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए व्यापारियों को जल्द खराब होने वाले और व्हाइट गुड्स की नियमित आपूर्ति करने में सुविधा होगी।