जोरहाट : माजुली जिले की उभरती गायिका तेजस्विता बरुवा की मौत को लेकर आज माजुली जिला छात्र संस्था, माजुली जिला युव छात्र परिषद व कोचराजवंशी छात्र संस्था ने जांच समिति के सामने गवाही दी। उल्लेखनीय है कि माजुली की कलाकार तेजस्विता बरुवा की गत पांच अक्तूबर को गड़मुर जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मौत को लेकर कई आरोप सामने आए थे। यह आरोप भी सामने आया था कि उपयुक्त चिकित्सा के बिना तथा ऑक्सीजन की कमी के कारण बरुवा के मौत हुई थी। इसे लेकर माजुली में तीखी प्रतिक्रिया देखी जा रही थी। इसके बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत ने माजुली पहुंचकर घटना की जांच करने के लिए दो सदस्यीय जांच कमेटी का गठन करने का निदेश दिया था। हालांकि जांच कमेटी द्वारा पहले निर्धारित की गई समयसीमा के भीतर कोई भी व्यक्ति व संगठन जांच कमेटी के सामने गवाही पेश करने आगे नहीं आया था, जिसके चलते जांच कमेटी ने गवाही पेश करने की अवधि को बढ़ाकर 19 अक्तूबर कर दिया। इसके बाद आज जिले के तीन संगठनों ने जांच कमेटी के सामने अपनी गवाही पेश की। मालूम हो कि 19 अक्तूबर तक घटना से संबधित कोई भी जानकारी माजुली जिला दंडाधीश कार्यालय में दंडाधीश सीमांत फूकन के कक्ष में पेश कर सकेंगे।