गुवाहाटीः नगर में महिलाओं ने आज करवा चौथ के उपलक्ष्य में व्रत रखकर अपने सुहाग और परिवार के लिए प्रार्थना की। महिलाओं के समूह ने नगर के कई होटलों एवं सामाजिक विवाह भवनों में सांस्कृृतिक कार्यक्रम भी आयोजित कर करवा चौथ की खुशियां मनाई। महिलाओं ने अपने-अपने घरों में सामूहिक रूप से करवा चौथ की कथा श्रवण कर पूजा की एवं रात को चंद्र उदय होने के साथ ही चंद्र को अर्घ्य देकर अपने पतिदेव के हाथों व्रत का पारन किया। लोक मान्यताओं के अनुसार कई जगह चलनी के अंदर से चंद्र के दर्शन करके व्रत संपन्न किया जाता है। यह पर्व विशेष रूप से उत्तर भारत के सभी राज्यों में मनाया जाता है, जिसमें राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात में इस पर्व का प्रचलन काफी बृहद रूप में किया जाता है। गुवाहाटी महानगर में भी उत्तर भारत की प्रवासी महिलाओं ने व्रत रखकर चंद्र को अर्घ्य दिया। असम एवं बंगाल में भी इस पर्व का प्रचलन गत कई वर्षों से ही शुरू हो गया था।
सुहागिन महिलाओं ने रखा करवा चौथ का व्रत
