गुवाहाटीः प्रदेश भाजपा ने असम प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष भूपेन बोरा द्वारा वशिष्ठ में प्रदेश भाजपा के नवनिर्मित कार्यालय को ध्वस्त करने की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बुधवार को प्रदेश भाजपा प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव पवित्र मार्घेरिटा ने कहा कि गांधी-वाड्रा परिवार से लेकर भूपेन बोरा समेत कोई भी कांग्रेसी नेता प्रदेश भाजपा के नए कार्यालय का एक ईंट  इधर से उधर नहीं कर सकता है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह भवन पार्टी के 45 लाख कार्यकर्ताओं के खून-पसीने से बना है। यह हमारे लिए कार्यालय नहीं मंदिर स्वरूप है। पवित्र ने आज नई दिल्ली स्थित असम भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भूपेन बोरा को नसीहत दी और कहा कि बोरा को सामाजिक शालीनता का पालन करना चाहिए। किसी भी दल की बढ़ती लोकप्रियता पर इस तरह गलत बयानी नहीं देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान से उन्हें बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें समझना चाहिए कि पंजीकृत राजनीतिक दलों द्वारा भूमि का आवंटन दशकों पुराना नियम है और भाजपा ने हमेशा कानून-व्यवस्था का पालन करके निजी या सरकारी जमीन खरीदने के बाद ही कार्यालय बनाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की नब्बे फीसदी जमीन पर बलपूर्वक और कानून के खिलाफ  जबरन अतिक्रमण किया जाता है।