दिसपुर : असम प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष रंजीत भट्टाचार्य ने जनता भवन (असम सचिवालय) स्थित सरकारी कार्यालय में असम के कृषि मंत्री अतुल बोरा से मुलाकात कर विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। आने वाले दिनों में कृषि विभाग असम के किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे इसको लेकर विस्तार से चर्चा की। रंजीत भट्टाचार्य ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण बीजों की आपूर्ति के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने, सहकारी आधार पर खेती करके किसानों की आत्मनिर्भरता, असम के किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ कैसे मिलेगा, इसके बारे में जागरूकता पैदा करने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बीती रात को हुई चर्चा में कृषि मंत्री ने असम के किसानों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। खानापाड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में असम भाजपा किसान मोर्चा के एक वर्ष के कार्यों का लेखाजोखा रखते हुए उपाध्यक्ष ने एक पत्रिका कृषक बंधु का विमोचन करने के बाद कृषि मंत्री अतुल बोरा को पत्रिका की प्रति सौंपी। रंजीत भट्टाचार्य ने कहा कि अतीत में, असम राज्य भाजपा किसान मोर्चा ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को हल करने के लिए गांव-गांव विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए विशेष उपाय किए हैं कि वास्तविक किसानों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिले।