गुवाहाटी : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गुवाहाटी के कुल 21 शोधकर्ताओं और संकाय सदस्यों को अमेरिका के स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा बनाई गई दुनिया की शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है। वैज्ञानिकों की यह सूची अमेरिका के स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा गत 10 अक्टूबर को जारी की गई है। आईआईटी गुवाहाटी के निदेशक प्रो. टीजी सीताराम सहित 20 अन्य संकाय सदस्यों  को उनके शोध प्रकाशन और अनुसंधान के अपने विशिष्ट क्षेत्रों में उनके योगदान को देखते हुए इस सूची में समाविष्ट किया गया है। वैज्ञानिक योगदान के लिए संस्थान के संकाय सदस्यों को बधाई देते हुए आईआईटी गुवाहाटी के निदेशक, प्रो. टीजी सीताराम ने कहा कि दुनिया के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में कई संकायों की इस मान्यता ने आईआईटी गुवाहाटी को विज्ञान के वैश्विक मानचित्र में रखा है। संस्थान के लिए यह बहुत गर्व की बात है। उन्होंने आगे कहा कि मैं सभी 21 वैज्ञानिकों को विज्ञान को आगे बढ़ाने के लिए उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिबद्धता के लिए बधाई देता हूं। गौरतलब है कि सूचीबद्ध वैज्ञानिकों को 22 वैज्ञानिक क्षेत्रों और 176 उप-क्षेत्रों में वर्गीकृत किया गया है। चयन सी-स्कोर (स्व-उद्धरण के साथ और बिना) या उप-क्षेत्र में 2 प्रतिशत या उससे अधिक के प्रतिशत रैंक के आधार पर शीर्ष 100,000 वैज्ञानिकों पर आधारित है। आजीवन करियर के डेटाबेस में 195,605 वैज्ञानिक शामिल हैं और 200,409 वैज्ञानिक हाल के एक साल के डेटासेट में शामिल हैं। यह संस्करण-4 स्कोपस के 1 सितंबर के स्नैपशॉट पर आधारित है, जिसे उद्धरण वर्ष 2021 के अंत तक अपडेट किया गया है। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की सूची में शामिल आईआईटी गुवाहाटी के फैकल्टी सदस्य सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, फिजिक्स, केमिकल इंजीनियरिंग, बायोसाइंसेज और बायोइंजीनियरिंग, कैमिस्ट्री, इलेक्टि्रकल और इलेक्ट्रॉनिक्स विभागों सहित विभिन्न वैज्ञानिक क्षेत्रों से हैं।