दुमदुमाः दुमदुमा में नवविवाहित पति द्वारा अपनी पत्नी की हत्या कर नदी में फेंके जाने की एक दर्दनाक एवं विभत्स घटना ने आमजनता को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के अनुसार दाइसा गरुमारा बस्ती निवासी सहबाज मोहम्मद (23) और दुमदुमा शंकरदेव नगर निवासी कश्मीरा खातून (20) प्रेम संबंध में बंधे हुए थे। दोनों का आपस में मिलना जुलना भी होता रहता था। लड़की के परिजनों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने दोनों का निकाह करवा दिया। निकाह के बाद दूल्हा अपनी बेगम कश्मीरा के साथ ससुराल में ही रहते हुए अपने ससुर के व्यवसाय में सहयोग करने लगा। दोनों का जीवन सुखमय चल रहा था। कल कश्मीरा को अपने ससुराल भेजने कि तारिख तय हुई थी और इसी कारण सहबाज मोहम्मद को ससुराल वालों ने उसके घर भेज दिया ताकी बहू को नियमों के साथ आकर विदाई करवा सकें। गत बृहस्पतिवार की रात को सहबाज मोहम्मद ने फोन कर कश्मीरा को घर से बाहर आकर मिलने को कहा। कश्मीरा भी रात के प्रायः साढे बारह बजे घर से चुपके से निकल कर कुछ दूर अपने प्रेमी पति से मिलने चली गई और फिर लौटकर घर नहीं आई। बेटी के घर में नहीं होने की खबर फैलते ही परिजन उसको खोजने निकल पड़े। आस-पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर यह साफ हो गया कि कश्मीरा घर से बाहर गई थी। सहबाज मोहम्मद को पूछने पर उसने साफ इंकार कर दिया कि वह कश्मीरा से मिला ही नहीं। मामला पुलिस तक पहुंचा एवं दो तीन दिनों बाद बीते सोमवार को सहबाज मोहम्मद ने मजिस्ट्रेट के समक्ष यह स्वीकार कर लिया की उस रात उसने कश्मीरा का कत्ल उसी ने की है।
दुमदुमा में पति ने पत्नी की हत्या कर शव को नदी में फेंका, गिरफ्तार