गुवाहाटीः असम तृणमूल कांग्रेस (एटीएमसी) के प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी के कई युवा नेताओं ने टीएमसी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा ने कहा कि  राज्य के अन्य विपक्षी दलों के भी सदस्य पार्टी में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी पार्टी कई प्रदेश स्तर के नेताओं ने असम तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सार्वजनिक क्षेत्र की उपेक्षा कर रही है। हाल ही में प्रकाशित सीएजी रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने मीडिया को कहा कि राज्य सरकार को निजी क्षेत्र के संस्थानों से प्यार है, जबकि सार्वजनिक क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा भाजपा पांच सितारा होटल जैसे शाही भवन बनाकर अपनी पार्टी की संपन्नता का प्रदर्शन कर रही है। यह राज्य के लिए शुभ संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों को जनता देख रही है। समय आने पर उसका जवाब मिलेगा। अपनी पार्टी के बारे में उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी का जनाधार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में परिणाम अच्छे होने की संभावना है।