रंगियाः रंगिया पुलिस द्वारा नशीले द्रव्यों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रखा गया है। इसी अभियान की कड़ी में आज एक बार फिर नशीले द्रव्य (ड्रग्स) सहित एक युवक तथा एक महिला को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रंगिया थाना प्रभारी ने गुप्त सूचना के आधार पर एक अभियान चलाया तथा उक्त अभियान के तहत उदियाना गांव से एक युवक एवं उसकी दादी को गिरफ्तार किया है। उक्त युवक के पास से आठ ग्राम ड्रग्स के साथ 123 कंटेनर व नगद सात हजार रुपए तथा एक स्कूटी जब्त की गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पकड़ा गया युवक रंगिया सदर थाना अंतर्गत उदियाना गांव का मजनूर अली तथा उसकी दादी हसिना खातून बताई गई है। पुलिस द्वारा दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है। दूसरी ओर ड्रग्स व्यवसाय में दादी और पोते की संलिप्तता ने लोगों को अचरज में डाल दिया है। महज कुछ पैसे के लोभ मे नवपीढ़ी को अंधकार के गर्त में धकेलने से गुरेज नहीं करने वाले ड्रग्स कारोबारियों को लानत भेजने के साथ इस घृणित व्यवसाय में परिजनों की संलिप्तता पाए जाने को अत्यंत घृणित कार्य इलाके के जागरूक लोगों ने करार दिया है। वहीं इलाके के जागरूक लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस संदर्भ में और भी कड़े कदम उठाने का आह्वान किया है।