जोरहाट : जोरहाट के निमातीघाट से कमलाबाड़ी के लिए आज दोपहर रवाना हुई एक फेरी अचानक आए तूफान के चलते असंतुलित होकर डोलने लगी। इतना ही नहीं, आरपीएल डिगारू नामक उक्त फेरी कुछ देरी तक बीच मझधार में फंसी रही और काफी मशक्कत के बाद उसे किनारे तक पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार आज दोपहर 12.15 बजे निमातीघाट से कमलाबाड़ी के लिए आरपीएल डिगारू फेरी तय समय पर रवाना हुई। लेकिन कमलाबाड़ी पहुंचने से कुछ ही दूरी पहले अचानक आए तूफान व मूसलाधार बरसात से फेरी असंतुलित हो गई और इधर-उधर डोलने लगी। फेरी चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए फेरी को रोका तथा उसे किनारे तक पहुंचाया। इधर उक्त घटनाक्रम देख फेरी में सवार यात्रियों की जान गले में आ गई। बिना लाइफ जेकेट के यात्रा कर रहे कई यात्रियों ने तत्काल अपनी-अपनी लाइफ जैकेट को गले में डाला और खुद को सुरक्षित करने के उपाय तलाशने लगे। हालांकि करीब 20 मिनट के बाद फेरी चालक के नियंत्रण में आने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। दोपहर लगभग 1.45 बजे फेरी सकुशल माजुली जिले के कमलाबाड़ी घाट पहुंची। इस दौरान फेरी में 80 से अधिक यात्री, 20 बाइकें व तीन कार सवार थी। गनीमत रही कि फेरी में सवार किसी भी यात्री के साथ कोई हताहत नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष सितंबर माह में हुए फेरी हादसे के बाद लगातार होती आ रही घटनाओं के चलते यात्री फेरी से आवाजाही करने से डर रहे हैं।