गुवाहाटी : शक्ति की देवी मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन बुधवार को देर रात तक किया गया, जो आज दूसरे दिन भी जारी रहा। देर रात तक पांडू घाट और काछोमारी घाट पर प्रतिमा विसर्जन का दौरा जारी रहा। वहीं आज पांडू घाट पर विसर्जित की गई प्रतिमाओं के मलबे को भी साफ करने का अभियान चलाया गया। कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन सूत्रों के अनुसार पूरे गुवाहाटी में 400 से अधिक स्थानों पर दुर्गाेत्सव का आयोजन किया गया था, जिसमें सबसे अधिक पांडू इलाके में था। ब्रह्मपुत्र नद के घाटों पर प्रतिमा विसर्जन के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, नदी पुलिस के साथ ही बड़ी संख्या में स्वयंसेवी संगठनों तथा गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी)के कर्मी लगाए गए थे। जिला प्रशासन की ओर से घाटों पर आवश्यक प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया था। इस मौके पर विसर्जन स्थली के साथ नगर के चौक-चौराहों तथा सड़कों पर भक्तों की भीड़ देखी गई। श्रद्धालु हाथों में पुष्प लेकर मनोवांछित फल पाने की कामना करते नजर आए। साथ ही घंटों विर्सजन के मनमोहक दृश्य का लुत्फ भी उठाया। वहीं दूसरी ओर महानगर को स्वच्छ बनाने के लिए क्लीन गुवाहाटी ग्रीन गुवाहाटी अभियान के तहत गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) की ओर से शुक्रवार को ब्रह्मपुत्र तट स्थित लाचित घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान सुबह 7 बजे से शुरू होगा, जो लंबे समय तक चलेगा।
पांडू घाट की सफाई के साथ दूसरे दिन भी हुआ प्रतिमा का विसर्जन
