गुवाहाटीः कांग्रेस पार्टी के युवा सांसद गौरव गोगोई ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में इस बार भाजपा की करारी हार होने वाली है, क्योंकि प्रदेश की जनता को हिमंत के नेतृत्व वाली भाजपा पसंद नहीं है। कलियाबर के सांसद गोगोई ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत और बदरुद्दीन अजमल दोनों काफी करीबी हैं। दोनों जनता की सेवा के लिए नहीं, सत्तासुख के लिए राजनीति करते हैं। यही कारण है कि जनता नाराज है और वह बीजेपी को हराएगी। मीडिया से बात करते हुए गोगोई ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने भाजपा में प्रवेश किया और इतनी बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की कि कैबिनेट में कोई पुराना सदस्य नहीं बचा। वह अपने तरीके से भाजपा का संचालन कर रहे हैं। आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव जीतने का भरोसा जताते हुए गोगोई ने कहा कि पुरानी और नई भाजपा ब्रिगेड के बीच चल रहा शीत युद्ध अंततः उनके लिए फायदेमंद साबित होगा, जो उन्हें चुनाव जीतने में मदद करेगा। एआईयूडीएफ की आलोचना करते हुए गोगोई ने कहा कि एआईयूडीएफ  अपनी बातों के बिल्कुल विपरीत काम करता है। जिस बुनियाद पर यह पार्टी खड़ी हुई थी, वह उसी विचारधारा को भूल गई । सांसद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने भी 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। उन्हें उम्मीद है कि लोकसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस को अधिक सीटें मिलेंगी।