तिनसुकिया : तिनसुकिया में शारदीय दुर्गोत्सव के उल्लास के बीच मंगलवार को महानवमी की रात शहर के ज्योति नगर स्थित स्वास्तिक नर्सिंग होम के पास लगी भयावह अग्निकांड की घटना से मातम पसर गया। अग्निकांड की इस घटना में एक पार्टिकल बोर्ड का गोदाम सहित गाड़ी गेरेज व दो किराये के मकान जलकर राख हो गए और देखते ही देखते लाखों रुपए की संपत्ति जलकर स्वाहा हो गई। जानकारी के अनुसार उक्त अग्निकांड की शुरूआत रात के लगभग 7.30 बजे एक किराये की मकान से हुई थी। जो कि देखते ही देखते चंद मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और अपने आगोश में दो किराये के मकान व एक गाड़ी गेरेज के साथ पार्टिकल बोर्ड की गोदाम को ले लिया। हालांकि दमकल विभाग की दो गाड़ियां इस आग को बुझाने में लगी थी और कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। पार्टिकल बोर्ड के गोदाम के मालिक बिपुल सिंह का कहना है कि उनका लाखों रुपए का पार्टिकल बोर्ड जलकर स्वाहा हो गया, जो दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए स्टॉक कर रखा था। अग्निकांड में कई गैस सिलिंडर भी ब्लास्ट हुए थे, जो किराये के मकान में थे।